रांची। न्यूजीलैंड के ऑकलैंड में भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेली गई तीन दिवसीय लॉन बॉल्स टेस्ट सीरीज में भारतीय टीम ने 2-1 से सीरीज अपने नाम कर ली। तीसरे एवं निर्णायक टेस्ट मुकाबले में भारतीय खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए सीरीज पर कब्जा जमाया। सीरीज के पहले टेस्ट मुकाबले में न्यूजीलैंड ने भारत को 3-2 से हराकर बढ़त हासिल की थी। इसके बाद दूसरे टेस्ट में भारतीय खिलाड़ियों ने जोरदार वापसी करते हुए न्यूजीलैंड को 3-2 से शिकस्त देकर सीरीज में 1-1 की बराबरी कर ली थी। वहीं, तीसरे एवं अंतिम टेस्ट मुकाबले में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते 5 मैच में 3 मैच में जीत दर्ज की और सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली। भारतीय टीम की जीत में झारखंड के सुनील बहादुर, दिनेश कुमार और रेशमा कुमारी जैसे खिलाड़ियों ने अहम भूमिका निभायी। इन तीनों के अलावा पिंकी (दिल्ली) भी भारतीय टीम का हिस्सा थीं। झारखंड लॉन बॉल संघ के सचिव सह झारखण्ड टीम के कोच मधुकांत पाठक के अलावा झारखंड खेल विभाग के सचिव मुकेश कुमार, खेल निदेशक छवि रंजन सहित अन्य ने भी भारतीय टीम को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
आज खास
ब्रेकिंग
