​रांची। झारखंड राज्य स्थापना दिवस समारोह पखवाड़ा के तहत राज्यभर में शिक्षा, महिला सशक्तीकरण, पर्यावरण और जनकल्याण से जुड़ी व्यापक गतिविधियां आयोजित की गईं। महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग द्वारा आयोजित 'किशोरी सशक्तिकरण दिवस' में 1.62 लाख से अधिक किशोरियों ने हिस्सा लिया, जहां उन्हें सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, स्वास्थ्य, पोषण और बाल विवाह रोकथाम के प्रति जागरूक किया गया।

​पखवाड़े के तहत प्रमुख रूप से विभिन्न जिलों में बड़े पैमाने पर पौधारोपण कर पौधों के संरक्षण की जिम्मेदारी स्थानीय युवाओं और समूहों को सौंपी गई।

​किसानों को बीज वितरण, मिट्टी जांच और मृदा स्वास्थ्य की जानकारी देने के साथ-साथ स्वयं सहायता समूहों को सामुदायिक निवेश निधि और आजीविका किट प्रदान किए गए।

​प्रधानमंत्री आवास, अबुआ आवास और अन्य योजनाओं के तहत सैकड़ों लाभुकों को नए घरों में गृह प्रवेश कराया गया।

बिजली समस्याओं के समाधान, जल स्रोतों की गुणवत्ता जांच, स्वच्छता अभियान और डिजिटल साक्षरता के लिए विशेष शिविर लगाए गए। साथ ही, विद्यालयों में विभिन्न प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को राज्य के इतिहास और संस्कृति से परिचित कराया गया।