रांची। लंबित मानदेय के भुगतान और संचालन में अनियमितता के विरोध में राज्य के 108 एम्बुलेंस सेवाकर्मी बुधवार रात से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए।
झारखंड प्रदेश एम्बुलेंस कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष नीरज तिवारी ने कहा कि सरकार के कोरे आश्वासनों से थककर कर्मियों को यह कदम उठाना पड़ा है। उन्होंने आरोप लगाया कि 5 फरवरी 2025 से सेवा का संचालन कर रही संस्था 'सम्मान फाउंडेशन' द्वारा कर्मियों का अगस्त से अक्टूबर 2026 तक का वेतन रोक कर रखा गया है, साथ ही मनमाने ढंग से वेतन कटौती भी की जा रही है।
संघ ने आरोप लगाया कि लंबे समय से खराब पड़ी एम्बुलेंस को कागजों पर चालू दिखाकर सरकार से भुगतान लिया जा रहा है, जबकि संबंधित कर्मचारियों को गाड़ी खराब होने का हवाला देकर वेतन नहीं दिया जा रहा। संघ ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम), झारखंड के अभियान निदेशक को पत्र लिखकर मामले की उच्चस्तरीय जांच और कंपनी पर कठोर कार्रवाई की मांग की है।
संघ के अनुसार 26 अक्टूबर को स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव की अध्यक्षता में हुई बैठक में दीपावली से पूर्व सभी संविदा व आउटसोर्सिंग कर्मियों का बकाया भुगतान करने का निर्देश दिया गया था, लेकिन इसका पालन नहीं हुआ। कर्मियों ने चेतावनी दी है कि जब तक अगस्त से अक्टूबर तक का पूरा बकाया वेतन नहीं मिल जाता, हड़ताल जारी रहेगी।
