रांची। झारखंड विधानसभा की 26वीं वर्षगांठ पर 22 नवंबर को स्थापना दिवस समारोह सादगीपूर्ण ढंग से मनाया जायेगा। स्थापना दिवस समारोह के अवसर पर इस बार संध्या सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित नहीं होंगे। सुबह में ही सम्मान समारोह कार्यक्रम यथावत आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा विधानसभा स्पीकर रबींद्रनाथ महतो की पहल पर विधायी उत्कृष्टता पुरस्कार के लिए चयन समिति का गठन कर दिया गया है। गठित विधायी उत्कृष्टता पुरस्कार चयन समिति की बैठक 20 नवंबर को विधान सभा अध्यक्ष के आवासीय कार्यालय में आयोजित होगी। चयन समिति में स्पीकर अध्यक्ष हैं जबकि पूर्व स्पीकर इंदर सिंह नामधारी, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, विधानसभा सदस्य स्टीफन मरांडी, सुरेश पासवान, वरिष्ठ पत्रकार विनय कुमार सदस्य के तौर पर और विधानसभा के प्रभारी सचिव रंजीत कुमार को सदस्य सचिव बनाया गया है। उल्लेखनीय है कि इस बैठक में समिति द्वारा वर्ष 2026 के लिए षष्ठम झारखंड विधानसभा के एक सदस्य को भगवान बिरसा मुण्डा उत्कृष्ट विधायक पुरस्कार के लिये चयनित करेगी। इसके अतिरिक्त, उत्कृष्ट विधानसभा कर्मियों का चयन किया जाएगा, जिन्हें स्व० कपिलेश्वर प्रसाद पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।