साहिबगंज। जनजातीय अधिकारों और खनन नीति को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) के नेताओं ने केंद्र की बीजेपी सरकार पर निशाना साधा है। झामुमो के केंद्रीय समिति के सदस्य सिमोन माल्टो ने आरोप लगाया कि भाजपा ने जनजाति गौरव दिवस के लिए कार्यक्रम संयोजक और सदस्य सूची बनायी, पर इसमें किसी भी आदिवासी को जगह नहीं दी गयी। उन्होंने कहा कि जनजाति गौरव दिवस के लिए बीजेपी प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह की ओर से 12 नवंबर को सूची जारी की गयी। इसमें संथाल परगना प्रमंडल के साहिबगंज, पाकुड़, दुमका और गोड्डा जिले के लिए 10 नेताओं को जिम्मेदारी दी गई पर इस सूची में किसी भी आदिवासी को जगह नहीं मिली। उन्होंने इसे बीजेपी की आदिवासी समाज के प्रति सोच का उदाहरण बताया। सिमोन ने केंद्र सरकार पर आदिवासी और मूलवासी समाज के हितों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार खनन से संबंधित जो कानून बनाने की दिशा में काम कर रही है, वह झारखंड के लोगों के साथ अन्याय है। सिमोन माल्टो ने कहा कि खनन झारखंड की जमीन पर होगा। इससे होने वाले प्रदूषण का सामना स्थानीय लोगों को करना पड़ेगा। लेकिन खनन से मिलने वाली पूरी रॉयल्टी केंद्र सरकार लेगी। उन्होंने इसे राज्य के हितों के खिलाफ बताते हुए कहा कि केंद्र सरकार झारखंड के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है।
जिला
ब्रेकिंग
