गुमला। जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र से एक बेहद संवेदनशील और हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां छठी कक्षा की एक नाबालिग छात्रा के साथ चार नाबालिग लड़कों द्वारा सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया। हद तो तब हो गई जब गांव के कुछ लोगों ने पंचायत बैठाकर आरोपियों को सजा दिलाने के बजाय उन पर मात्र 24 हजार रुपये (6-6 हजार रुपये प्रति आरोपी) का जुर्माना लगाकर मामले को रफा-दफा करने की कोशिश की। हालांकि, परिजनों के विरोध और पुलिस की त्वरित कार्रवाई के बाद चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर बाल सुधार गृह भेज दिया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार यह घटना 9 नवंबर की शाम की है। पीड़िता गांव के पास स्थित जंगल में मवेशी चराने गई थी। इसी दौरान गांव के ही चार नाबालिग लड़कों ने उसे घेर लिया और बारी-बारी से जबरन दुष्कर्म किया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घर लौटने पर सहमी हुई पीड़िता ने रोते हुए अपने स्वजनों को पूरी आपबीती सुनाई।

परिजनों के अनुसार 15 नवंबर को गांव के कुछ तथाकथित संभ्रांत लोगों ने पंचायत बुलाई। इस गंभीर और जघन्य अपराध पर कानूनी कार्रवाई करने के बजाय पंचायत ने आरोपियों पर कुल 24,000 रुपये (प्रत्येक पर 6,000 रुपये) का अर्थदंड लगाकर मामले को दबाने का प्रयास किया।

पंचायत के इस तुगलकी और अन्यायपूर्ण फैसले से नाखुश पीड़िता के परिजनों ने हिम्मत जुटाई और पंचायत के फैसले को ठुकराते हुए 17 नवंबर को चैनपुर थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत मिलते ही हरकत में आई पुलिस ने तुरंत प्राथमिकी दर्ज कर ली। पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया और उसे संरक्षण के लिए बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के सुपुर्द कर दिया।

चैनपुर थाना प्रभारी अरविंद कुमार ने बताया कि कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए चारों नाबालिग आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उन्हें जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के समक्ष पेश करने के लिए गुमला भेजा गया है।

इसके साथ ही, पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि अपराध पर पर्दा डालने और अवैध पंचायत बैठाकर जुर्माना वसूलने वाले ग्रामीणों की पहचान की जा रही है। जल्द ही ऐसे लोगों को चिन्हित कर उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।