रामगढ़। बुधवार को जिला समाहरणालय सभाकक्ष में सांसद हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र मनीष जायसवाल की अध्यक्षता में डिस्ट्रिक्ट डेवलपमेंट कोऑर्डिनेशन एंड मॉनिटरिंग कमिटी (DDCMC/दिशा) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विधायक रामगढ़ ममता देवी, विधायक बड़कागांव रोशन लाल चौधरी, विधायक मांडू निर्मल महतो, उपायुक्त रामगढ़ ऋतुराज, अध्यक्ष जिला परिषद सुधा देवी, अध्यक्ष नगर परिषद कुसुमलता कुमारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के प्रारंभ में पूर्व में आयोजित दिशा की बैठक में दिए गए निर्देशों के आलोक में विभिन्न विभागों द्वारा किए गए कार्यों की विस्तृत जानकारी ली गई। इस दौरान पूर्व के निर्देशों के अनुपालन की क्रमवार समीक्षा करते हुए लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने तथा विकास योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों द्वारा अपने-अपने विभाग से संबंधित पीपीटी प्रेजेंटेशन के माध्यम से संचालित योजनाओं, पूर्ण किए गए कार्यों, निर्माणाधीन परियोजनाओं एवं प्रस्तावित विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की गई। सांसद मनीष जायसवाल ने प्रस्तुतियों की बारीकी से समीक्षा करते हुए योजनाओं की प्रगति, उनके क्रियान्वयन में आ रही समस्याओं तथा आमजनों को मिल रहे लाभ की जानकारी ली। साथ ही कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल की समीक्षा के क्रम में सांसद ने कार्यपालक अभियंता से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में संचालित जलापूर्ति योजनाओं एवं उनकी वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। इस दौरान विभिन्न कारणों से वर्तमान में बंद अथवा सुचारू रूप से संचालित नहीं हो रही जलापूर्ति योजनाओं को गंभीरता से लेते हुए उनके कारणों का पता लगाने एवं आवश्यक मरम्मती कार्य शीघ्र पूर्ण कराने पर चर्चा की गई। उन्होंने सभी जलापूर्ति योजनाओं का नियमित एवं प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने तथा आम नागरिकों को निर्बाध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
बैठक के दौरान सांसद ने सभी विभागीय पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि उनके विभाग से संबंधित विकास कार्यों, योजनाओं के उद्घाटन एवं शिलान्यास तथा परिसंपत्तियों के वितरण जैसे महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की सहभागिता अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित करने से योजनाओं का लाभ अधिक प्रभावी ढंग से आमजनों तक पहुंचाया जा सकता है।
दिव्यांगजनों को विभिन्न सरकारी सुविधाओं एवं सहायक उपकरणों का लाभ उपलब्ध कराने के लिए किए जा रहे कार्यों की समीक्षा के क्रम में सांसद ने विधायकों एवं उपायुक्त के साथ विस्तार से चर्चा की। इस दौरान जिले में चलने-फिरने संबंधी दिव्यांगता से ग्रसित दिव्यांगजनों को प्राथमिकता के आधार पर सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लक्ष्य निर्धारित कर कार्य करने पर बल दिया गया। उन्होंने प्रतिवर्ष लगभग 300 से 400 दिव्यांगजनों को आवश्यकतानुसार सहायक उपकरण उपलब्ध कराने की दिशा में ठोस पहल करने का निर्देश दिया, ताकि दिव्यांगजनों का जीवन अधिक सुगम एवं सुविधाजनक बनाया जा सके।
बैठक में नमामि गंगे योजना के तहत निर्माणाधीन सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। सांसद ने संबंधित अधिकारियों से निर्माण कार्य की वर्तमान प्रगति की जानकारी लेते हुए कार्यों में तेजी लाने तथा परियोजना को जल्द से जल्द पूर्ण करने का निर्देश दिया। उन्होंने परियोजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने पर भी बल दिया।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के क्रम में सांसद ने सदर अस्पताल रामगढ़ सहित जिले के विभिन्न सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं एवं मरीजों को दी जा रही चिकित्सा सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने सदर अस्पताल में सीटी स्कैन सहित अन्य आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं जल्द से जल्द उपलब्ध कराने के लिए तीव्र गति से कार्य करने का निर्देश दिया। साथ ही सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में आने वाले मरीजों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। मौके पर सिविल सर्जन रामगढ़ को जिले में उपलब्ध सभी एंबुलेंस का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने तथा आवश्यकता के अनुरूप मरीजों को समय पर एंबुलेंस सेवा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान सांसद ने जिले के सभी सरकारी विद्यालयों में उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने विद्यालयों में चहारदीवारी एवं बेंच-डेस्क की वर्तमान स्थिति का समुचित आकलन करने तथा जहां आवश्यक हो वहां इन सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में बेहतर आधारभूत संरचना उपलब्ध कराना गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए आवश्यक है।
जिले के सभी योग्य लाभुकों को राशन कार्ड का लाभ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बैठक के दौरान जिला आपूर्ति पदाधिकारी को अभियान मोड में कार्य करने का निर्देश दिया गया। सांसद ने अयोग्य राशन कार्ड धारियों की पहचान कर नियमानुसार उनका नाम राशन कार्ड से हटाने तथा इसके माध्यम से रिक्त हुई पात्रता के अनुरूप योग्य एवं जरूरतमंद परिवारों को राशन कार्ड के लाभ से आच्छादित करने को कहा। उन्होंने यह सुनिश्चित करने पर बल दिया कि कोई भी पात्र एवं जरूरतमंद परिवार खाद्यान्न योजना के लाभ से वंचित नहीं रहे।
बैठक के दौरान जिले के युवाओं को स्थानीय स्तर पर कौशल प्रशिक्षण उपलब्ध कराकर उनके क्षेत्र में ही रोजगार के अवसर सृजित करने के उद्देश्य से उपायुक्त रामगढ़ ऋतुराज की पहल पर प्रारंभ की गई संगम परियोजना के संबंध में पीपीटी प्रेजेंटेशन प्रस्तुत किया गया। प्रेजेंटेशन के माध्यम से बताया गया कि संगम परियोजना के तहत जिले के विभिन्न क्षेत्रों में संचालित औद्योगिक इकाइयों की आवश्यकताओं का आकलन किया जाएगा। इसके आधार पर संबंधित औद्योगिक इकाइयों में उपलब्ध रोजगार के अवसरों एवं आवश्यक कौशल के अनुरूप स्थानीय युवाओं को योजनाबद्ध तरीके से प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा, ताकि प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद उन्हें अपने ही क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध हो सकें।
बैठक के दौरान सांसद ने कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) सहित अन्य उपलब्ध संसाधनों एवं माध्यमों के जरिए जिले के समग्र विकास को गति देने के संबंध में कई महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए। उन्होंने विभिन्न विकास कार्यों में संबंधित औद्योगिक इकाइयों एवं अन्य संस्थानों की सहभागिता सुनिश्चित करने तथा जनहित से जुड़ी योजनाओं को प्राथमिकता देने पर बल दिया।
बैठक में सांसद ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित करें। साथ ही विकास कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं जवाबदेही बनाए रखते हुए सभी योजनाओं को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने की दिशा में गंभीरता से कार्य करें। बैठक के दौरान जिला स्तरीय वरीय अधिकारियों, विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों, दिशा समिति के सदस्यों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों सहित अन्य संबंधित उपस्थित थे।
