रामगढ़। जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र के सिरका स्थित जीएम ऑफिस चूना भट्ठा के समीप दामोदर नदी में नहाने के दौरान डूबने से दो नाबालिगों की दर्दनाक मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक दोनों बच्चे छठ महापर्व मनाने अपनी बहन के घर आए हुए थे। पर्व खत्म होने के बाद पूरा परिवार दामोदर नदी में नहाने के लिए पहुंचा था। इसी दौरान शिवम पासवान (14) और छोटू पासवान (15) नहाते समय नदी के गहरे पानी में चले गए और देखते ही देखते डूबने लगे। दोनों को डूबता देख मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और रामगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों ने गोताखोरों की मदद से नदी में दोनों बच्चों की तलाश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद दोनों को नदी से बाहर निकाला गया और तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल रामगढ़ पहुंचाया गया। जहां डॉक्टर दोनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया। रामगढ़ थाना प्रभारी गजेंद्र पांडे ने बताया कि दोनों भुवपुर, जमुहोर, जिला औरंगाबाद, बिहार के रहने वाले हैं। हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
