​रांची। झारखंड राज्य स्थापना दिवस समारोह के तहत मनाए जा रहे ‘स्थापना पखवाड़ा’ में राज्यभर में विकास, स्वच्छता और सामाजिक जागरूकता से जुड़ी विविध गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। ‘विरासत, प्रगति और आकांक्षाओं का उत्सव’ थीम के तहत रांची, गढ़वा, लातेहार, दुमका, कोडरमा, गिरिडीह, गुमला और सरायकेला-खरसावां समेत कई जिलों में सरकारी योजनाओं को धरातल पर उतारा जा रहा है।

रांची के रातू प्रखंड में फूलो-झानो आशीर्वाद योजना के तहत पांच महिलाओं को 1.90 लाख रुपये के स्वीकृति पत्र दिए गए, वहीं इटकी में जीवन ज्योति बीमा योजना के तीन मृतक लाभुकों के आश्रितों को कुल छह लाख रुपये की सहायता राशि मिली। सोनाहातू में मंईयां सम्मान योजना की लाभुक महिलाओं ने बांस की टोकरी निर्माण का स्वरोजगार शुरू किया है। इसके अलावा सादमा प्रोड्यूसर कंपनी के माध्यम से महिला किसानों की शिमला मिर्च की प्रतिदिन करीब दो क्विंटल बिक्री (15 हजार रुपये का कारोबार) हो रही है, और रांची जिले में सीएलएफ को 1.97 करोड़ रुपये से अधिक की सामुदायिक निवेश निधि वितरित की गई है।

गृह प्रवेश अभियान के तहत कोडरमा में 139 परिवारों और सरायकेला-खरसावां में 15 से 19 नवंबर के बीच कुल 626 परिवारों को विभिन्न आवास योजनाओं के तहत नए घर मिले। गुमला के रायडीह में नई सड़क का उद्घाटन किया गया, जबकि गढ़वा के डंडई व धुरकी में तालाब और सड़क निर्माण योजनाओं का शिलान्यास हुआ।

राज्यभर के आंगनबाड़ी केंद्रों में आयोजित पोषण गतिविधियों में एक लाख से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया, वहीं रांची में 1,561 बकरियों का टीकाकरण किया गया। विश्व शौचालय दिवस पर विभिन्न जिलों में स्वच्छता और तंबाकू निषेध को लेकर रैलियां व नुक्कड़ संवाद हुए। इसके अतिरिक्त, दुमका, गुमला और लातेहार में विद्यार्थियों के लिए सांस्कृतिक, खेल और क्विज प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसी कड़ी में 20 और 21 नवंबर को रांची के मोरहाबादी में पारंपरिक जनजातीय खेल प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।