गोड्डा। गोड्डा के महागामा विधानसभा क्षेत्र में रहने वाले युवाओं के लिए अपने सपनों को नई दिशा देने का अवसर लेकर ‘प्रियदर्शिनी प्रतिभा योजना’ की शुरुआत की गई है। त्विषा फाउंडेशन के प्रायोजन एवं अयांश द सिविल सर्विसेज के सहयोग से शुरू की गई इस पहल के तहत 100 चयनित युवाओं को निःशुल्क कोचिंग उपलब्ध कराई जा रही है। इस योजना के तहत 25 जुलाई से 5 अगस्त के बीच महागामा विधानसभा क्षेत्र के 10 से 15 स्कूलों एवं कॉलेजों में सेमिनार, काउंसलिंग और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस योजना से जुड़ने के लिए 700 युवाओं ने आवेदन किया, जिनमें से 500 अभ्यर्थी 16 अगस्त को आयोजित चयन परीक्षा में शामिल हुए। परीक्षा का परिणाम 25 अगस्त को जारी किया गया और 7 से 14 सितंबर के बीच इंटरव्यू में चयनित छात्र शामिल हुए। पूरी चयन प्रक्रिया के बाद कुल 100 युवाओं का चयन किया गया है। इन चयनित युवाओं को योजना के तहत निःशुल्क शिक्षा प्रदान किया जाएगा।