देवघर। अखिल भारतीय तीर्थ पुरोहित महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सह पंडा धर्मरक्षिणी सभा के पूर्व अध्यक्ष विनोद दत्त द्वारी ने संताल परगना के प्रमंडलीय आयुक्त सह श्राइन बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी शैलेंद्र लाल से मुलाकात कर बैद्यनाथ मंदिर में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी (मजिस्ट्रेट) कमलेश कुमार को हटाने की मांग की है। इस बावत विनोद द्वारी ने आयुक्त को ज्ञापन भी सौंपा है, जिसमें मंदिर के दंडाधिकारी सह जिला सांख्यिकी पदाधिकारी कमलेश कुमार पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। विनोद द्वारी का कहना है कि कमलेश कुमार का कार्य और आचरण अत्यन्त विवादास्पद है। वर्ष 2022 से ही इनकी प्रतिनियुक्त बैद्यनाथ मंदिर में हैं। इनकी कार्यशैली से मंदिर परिसर और स्थानीय लोगों में नाराजगी और असंतोष है। इनके कारण मंदिर में प्रोटोकॉल के नाम पर मनमानी और अव्यवस्था का माहौल बना हुआ है। प्रोटोकाल व्यवस्था पर किसी वरिष्ठ अधिकारी का उचित नियंत्रण नहीं होने के कारण नियमों का सरेआम उल्लंघन हो रहा है, जिसमें मंदिर मजिस्ट्रेट की भूमिका संदेहास्पद है। प्रशासनिक दृष्टिकोण और मंदिर की गरिमा को बनाए रखने के लिए कमलेश कुमार की प्रतिनियुक्ति बैद्यनाथ मंदिर से रद्द की जाए। विनोद द्वारी ने आरोप लगाया है कि मंदिर मजिस्ट्रेट कमलेश कुमार बात-बात पंडों (तीर्थ पुरोहित) को एफआईआर करने की धमकी देते हैं।