धनबाद। निरसा स्थित ईसीएल की राजा कोलियरी में अवैध कोयला खनन और तस्करी के मामले सामने आने के बाद स्थानीय विधायक अरूप चटर्जी ने बुधवार को प्रभावित क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया। अपने आवास के समीप ही खुलेआम चल रहे अवैध खनन को देखकर उन्होंने ईसीएल प्रबंधन के प्रति कड़ा रोष व्यक्त किया। विधायक ने अधिकारियों को इस पर तत्काल अंकुश लगाने का निर्देश देते हुए चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो वे उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

निरीक्षण के दौरान विधायक अरूप चटर्जी ने आरोप लगाया कि निरसा क्षेत्र में कोयला तस्करों का नेटवर्क लगातार सक्रिय है। उन्होंने दावा किया कि कोलियरी के कुल उत्पादन का लगभग 25 प्रतिशत हिस्सा अवैध रूप से तस्करों के पास जा रहा है, जिससे सरकारी राजस्व को भारी क्षति हो रही है।

ईसीएल प्रबंधन को आड़े हाथों लेते हुए विधायक अरूप चटर्जी ने कहा कि खदानों और कोलियरी की संपत्ति की सुरक्षा करना प्रबंधन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। बार-बार सूचना और शिकायत के बावजूद कार्रवाई न होना प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने चिंता जताई कि अवैध खनन का दायरा अब उनके आवास के आसपास तक पहुंच चुका है।

विधायक ने एक गंभीर दावा करते हुए कहा कि अवैध खनन के लिए बनाई गई सुरंग विद्यासागर कॉलोनी से होते हुए निरसा बाजार तक पहुंच रही है। उन्होंने आशंका जताई कि यदि इसे समय रहते नहीं रोका गया, तो भविष्य में बड़े पैमाने पर भू-धंसान की घटना हो सकती है, जिससे जान-माल का भारी नुकसान होगा।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए विधायक ने राजा कोलियरी क्षेत्र में सीआइएसएफ और ईसीएल के सुरक्षा बलों की प्रभावी तैनाती करने, खदान क्षेत्र की मजबूत घेराबंदी करने तथा नियमित गश्त बढ़ाने की मांग की है। उन्होंने दोहराया कि यदि तस्करी और अवैध उत्खनन पर पूरी तरह रोक नहीं लगी, तो वे जनहित में आंदोलन शुरू करेंगे।