चांडिल। सरायकेला वन प्रमंडल के चांडिल वन क्षेत्र के अंतर्गत नीमडीह प्रखंड के गुंडा गांव में करंट लगने से एक जंगली हाथी की मौत हो गई। सोमवार रात हुई इस घटना के बाद से ग्रामीणों में वन विभाग और बिजली विभाग के प्रति भारी नाराजगी और चिंता का माहौल है।

मिली जानकारी के अनुसार सोमवार रात करीब नौ बजे एक करीब 40 वर्षीय जंगली हाथी हुनरुडीह की ओर जा रहा था। इसी दौरान वह गुंडा गांव के डीटांड टोला में एक खेत की मेड़ पार कर रहा था। खेत के ऊपर से गुजर रहा 11 हजार वोल्ट का बिजली तार काफी नीचे लटक रहा था। मेड़ पार करने के दौरान अचानक हाथी का शरीर इस लटकते हुए हाई-टेंशन तार के संपर्क में आ गया। करंट का जोरदार झटका लगने से हाथी वहीं खेत में गिर पड़ा और कुछ ही देर में उसकी घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम भी तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

ग्रामीणों का कहना है कि नीमडीह क्षेत्र में जंगली हाथियों का आवागमन लगातार बना रहता है, इसके बावजूद बिजली विभाग और प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए जा रहे हैं। हाथियों के गुजरने वाले रास्तों और खेतों के ऊपर से गुजर रहे जर्जर व नीचे लटक रहे बिजली तारों को ठीक करने की मांग ग्रामीणों ने कई बार की है, लेकिन लापरवाही के कारण आज एक बेकसूर वन्यजीव को अपनी जान गंवानी पड़ी।